छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा में लंबे इंतजार के बाद एल्युमिनियम पार्क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। उत्पादन कंपनी की बोर्ड बैठक में कोरबा ताप विद्युत गृह की 105 हेक्टेयर जमीन उद्योग विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही यह जमीन उद्योग विभाग के कब्जे में आएगी, जिसके बाद एल्युमिनियम पार्क निर्माण की तैयारियां शुरू होंगी।
कोरबा विधायक और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के लगातार प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना आगे बढ़ी है। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स और उद्योग संगठनों की वर्षों से लंबित मांग को अब मंजूरी मिल गई है। एल्युमिनियम पार्क के बन जाने से कोरबा जिले में एल्यूमिनियम आधारित छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उद्योग विभाग ने इस परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5 करोड़ रुपये का बजट भी प्रस्तावित किया था।
बढ़ती डिमांड को मिलेगा आधार
एल्यूमिनियम की खपत ऊर्जा संयंत्रों से लेकर निर्माण कार्य, रेलवे, पैकेजिंग, वाहन निर्माण, इलेक्ट्रिकल उपकरण और घरेलू बर्तनों तक लगातार बढ़ रही है। एल्यूमिनियम पार्क तैयार होने के बाद इन सभी क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद कोरबा में ही बन सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर उद्योगपतियों के साथ-साथ बाहरी निवेशकों को भी संयंत्र लगाने की नई संभावनाएं मिलेंगी।
एक ही जगह पर कई उत्पाद
विशेषज्ञों का मानना है कि कोरबा में एल्यूमिनियम पार्क स्थापित होने से एक ही स्थान पर कई तरह के उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। बालको स्मेल्टर प्लांट में पहले से एल्यूमिना का उत्पादन होता है, और अब इस पार्क के जरिए एल्यूमिनियम उत्पाद निर्माण की पूरी शृंखला कोरबा में उपलब्ध होगी। इससे कोरबा को औद्योगिक और आर्थिक रूप से नई पहचान मिलेगी।