छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ा विज्ञापन जारी किया है। विभाग ने प्रदेश भर के स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के 1,812 पदों पर संविदा भर्ती निकाली है। यह पूरी भर्ती प्रक्रिया अब केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत संचालित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पदों का विषयवार ब्योरा
भर्ती में व्याख्याता के 518 पद शामिल हैं। इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, भौतिकी के 53, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद हैं। भर्ती में सहायक शिक्षक के सबसे अधिक 590 पद रखे गए हैं।
शिक्षक संवर्ग में अंग्रेजी के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी या संस्कृत के 34 पद शामिल हैं। गैर-शैक्षणिक तथा अन्य पदों में प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पदों पर नियुक्तियां होंगी।\
जिलावार रिक्तियों का विवरण
जिलेवार स्थिति देखें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं। सक्ती में 73, सरगुजा में 72, जबकि बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद निर्धारित हैं। सुकमा जिले में नौ और कोरिया जिले में सबसे कम आठ पद हैं।
भर्ती प्रक्रिया और आवेदन
इससे पूर्व जिला स्तर पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया को 30 मई को निरस्त कर दिया गया था। अब लगभग चार महीने के अंतराल के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने केंद्रीकृत भर्ती का आदेश जारी किया है। पूर्व में रायपुर जिले के 33 आत्मानंद स्कूलों में 152 पद रिक्त बताए गए थे, जबकि नई भर्ती में रायपुर के लिए 141 पद रखे गए हैं।
अभ्यर्थी पोर्टल
eduportal.cg.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पदवार योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और मानदेय संबंधी सभी शर्तों को आधिकारिक विज्ञापन में देखना अनिवार्य होगा।