नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के बिल्हा ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही रायपुर और बिलासपुर ने भी बाजी मारी है। इस बड़ी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के स्वच्छता संबंधी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण के अवॉर्ड प्रदान की। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकाय के महापौरों एवं आयुक्तों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किये। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू भी मौजूद रहे।
स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन की दिशा में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों नगर पालिक निगम रायपुर, नगर पालिक निगम बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विशेष रूप से बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। वहीं, ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। रायपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छता में राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला है।
देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा प्रथम
बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिल्हा ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि दोहराई है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा देश में पहले स्थान पर रहा। बड़ी और खास बात ये है कि नगर पंचायत ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है।
स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ कटेगिरी में बिलासपुर देश की दूसरी सबसे क्लीन सिटी
स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बिलासपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बरकरार रखी है। शहर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन घोषित किया गया है। बिलासपुर को लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति ने इस पुरस्कार से सम्मानित है। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता और नदी किनारे के क्षेत्रों की साफ-सफाई से जुड़े प्रयासों को दर्शाती है।
रायपुर नगर निगम को छत्तीसगढ़ के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार
रायपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छता में राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला है। राजधानी रायपुर ने भी इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष रायपुर को 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' के रूप में केंद्रीय मंत्री पुरस्कार मिला था। इस वर्ष शहर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
स्वच्छता दीदियों के योगदान को सम्मान
इस उपलब्धि में तीनों नगरीय निकायों की स्वच्छता दीदियों की भूमिका अग्रणी रही। प्रतिनिधिमंडल में स्वच्छता दीदियां भी शामिल रहीं। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाईकर्मियों और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत प्रयास
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, स्वच्छता में लगातार बेहतर प्रदर्शन के पीछे स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत किए जा रहे प्रयास, नियमित निगरानी और मजबूत व्यवस्था की भूमिका है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर को मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से छत्तीसगढ़ की शहरी स्वच्छता व्यवस्था को नई पहचान मिली है।
सीएम साय ने जताया हर्ष
प्रदेश के मुखिया सीएम विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिले राष्ट्रीय सम्मान हमारे शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्तीय श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी स्थान पर रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में काम: सीएम विष्णुदेव साय
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से हम स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।
ये बहुत बड़ी कामयाबी: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना प्रदेश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। नगर पंचायत बिल्हा का 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना बड़ी कामयाबी है। यह सम्मान दर्शाता है कि सीमित संसाधनों वाले छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन राज्य में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और नगरीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
समारोह में ये रहे मौजूद
इस समारोह में छत्तीसगढ़ से नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम रायपुर संबित मिश्रा, बिलासपुर आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित आदि मौजूद रहे।
एक नजर में:
- 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने देश में हासिल किया प्रथम स्थान
- 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा देश में अव्वल
- स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि
- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ को मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कार
- पिछले वर्ष भी देश में प्रथम स्थान पर था बिल्हा
- बिलासपुर बना देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट टाउन
- छत्तीसगढ़ के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार रायपुर को
- राष्ट्रपति मुर्मू ने तीनों नगरीय निकायों को किया पुरस्कृत
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और महापौरों ने ग्रहण किया राष्ट्रीय पुरस्कार
- नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुआ स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह
- केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी समारोह में हुए शामिल