सूरजपुर पुलिस ने जिले के सलका गांव में एक शिक्षक के घर हुई डकैती का खुलासा करते हुए बादी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,40,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार, एक चाकू, लूटा गया मोबाइल फोन और छह अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं। भटगांव थाना पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
चाकुओं की नोक पर की डकैती
सलका निवासी शिक्षक राधेश्याम सिंह (35 वर्ष) 27 अक्तूबर की रात लगभग 1:30 बजे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। उसी दौरान नकाबपोश डकैत घर के मुख्य द्वार के चैनत का ताला खोलकर भीतर दाखिल हुए। घर में घुसते ही बदमाशों ने एक बच्चे के गले पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर नकदी और जेवरात की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया। टीम ने संदिग्धों की तलाश के लिए इलाके के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान एक संदेहास्पद मारुति स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान स्थापित की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी अदालत से भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बतौली के ग्राम पोकसरी निवासी 35 वर्षीय हुल्लेश्वर दास, सीतापुर के जामडीह निवासी 26 वर्षीय देवकरण दास उर्फ विजय दास, बतौली के ग्राम झरगांवा निवासी 23 वर्षीय विकास दास, 30 वर्षीय शांतुदास, अंबिकापुर के तकिया रोड निवासी 37 वर्षीय शारदा चौहान और प्रतापपुर के ग्राम खोरमा निवासी 25 वर्षीय सोनू कुमारी के रूप में हुई है। भटगांव थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।