प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का भी हुआ तबादला
छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने राज्य में बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। राज्य सरकार ने राज्य में पहले ही नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने राजस्व मंडल, बिलासपुर के अध्यक्ष कोप्पाला दुर्गानंद प्रसाद राव को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के पद पर पदस्थ किया है। राज्य शासन ने वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन को अपर मुख्य सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
एसआरपी कल्लूरी की हुई वापसी
वहीं दूसरी तरफ सरकार ने छह आईपीएस अफसरों के भी तबादले किए हैं। बस्तर आईजी पद से हटाए जाने के बाद से पीएचक्यू (पुलिस हेड क्वार्टर) में आईजी ट्रेनिंग के पद पर कार्यरत एसआरपी कल्लूरी एक बार फिर मुख्यधारा में लौट आए हैं। उन्हें आईजी ईओडब्लू और एसीबी बनाया गया है।
इनके अलावा रायपुर आईजी डॉ. दीपांशु काबरा और दुर्ग आईजी जीपी सिंह के कार्यभार में बदलाव किया गया है, दोनों पीएचक्यू में रहेंगे। लेकिन इनके स्थान पर दो जूनियर अफसर डॉ. आनंद छाबड़ा (रायपुर रेंज) और रतनलाल डांगी (दुर्ग रेंज) को प्रभारी आईजी बनाया गया है। उल्लेखनीय यह है कि 6 माह पहले ही मंत्रालय से पीएचक्यू लौटे एडीजी अरुणदेव गौतम को एक बार फिर सचिव गृह, जेल एवं परिवहन बनाया गया है।