छत्तीसगढ़ के सुकमा में पुलिस ने एक नई पहल की है। इस पहल के अंतर्गत अब थाना जनता के द्वार चलकर आएगा और समस्या को सुलझाएगा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को पुलिस सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 'अंजोर रथ' नामक चलित पुलिस थाने का शुभारंभ किया गया है।
सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि जिले के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए पुलिस सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से अंजोर रथ का शुभारंभ किया गया है। ‘अंजोर’ छत्तीसगढ़ी भाषा का शब्द है जिसका अर्थ ‘उजाला’ होता है।
उन्होंने बताया कि राज्य के लोगों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने सभी जिलों में अंजोर रथ (चलित पुलिस थाना) शुरू करने का फैसला किया है। इस रथ के माध्यम से अपराधों की शिकायत दर्ज करने और उसका तेजी से निराकरण करने में मदद मिलेगी।इसकी शुरूआत बुधवार को सुकमा जिले में की गई।
जिला कलेक्टर चंदन कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।यह रथ जिस पुलिस थाना क्षेत्र में जाएगी , वहां के संबंधित थाना कर्मी इस वाहन में मौजूद रहेंगे।