तुमालभट्टी में नया सुरक्षा कैंप स्थापित
- फोटो : अमर उजाला
नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम तुमालभट्टी में जिला पुलिस प्रशासन ने नया सुरक्षा कैंप स्थापित किया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भारी बारिश के बावजूद सुरक्षा बलों ने चुनौतियों का सामना करते हुए कैंप की स्थापना की। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से कोंटा से किस्टाराम को जोड़ने वाले मार्ग पर दूरी कम होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
नवीन सुरक्षा कैंप से ग्रामीणों को सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, राशन दुकान, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाओं के विस्तार का लाभ मिलेगा। स्थानीय लोग इसे विकास और सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक सुकमा जिले में कुल 14 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा चुके हैं। इन अभियानों से नक्सल उन्मूलन की प्रक्रिया तेज हुई है और माओवादी गतिविधियों पर नियंत्रण बढ़ा है। उक्त अवधि में 518 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि 63 मारे गए और 447 गिरफ्तार हुए हैं। अधिकारियों का दावा है कि लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की नई दिशा स्थापित होगी।