छत्तीसगढ़ का नक्सल प्रभावित सुकमा जिला राज्य का पहला कैशलेस जिला बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री के डिजिटल भारत अभियान सफल बनाने के लिए सामान्य सेवा केंद्रों की स्थापना सभी 27 जिलों में की गई है। सुकमा जिले में 38 सामान्य सेवा केंद्रों की स्थापना की गई है।
ये सामान्य सुविधा केंद्र सुकमा जिले में लोगों को आधार पंजीयन, बिजली बिल भुगतान, रेलवे टिकट बुकिंग, डीटीएच टीवी रिचार्जिंग, मोबाइल फोन रिचार्जिंग, जीवन बीमा की प्रीमियम राशि के भुगतान जैसी सुविधाएं दे रहा है। इसके लिए पाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि अब तक शहरी क्षेत्रों में नौ लाख 96 हजार 892 रुपये का लेन-देन सीएससी वॉलेट के माध्यम से इन सामान्य सेवा केंद्रों के जरिए किया जा चुका है। इन सामान्य सेवा केंद्रों में पाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनों के जरिए चार लाख 80 हजार 500 रुपये और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो लाख 50 हजार रुपये का कैशलेस आहरण अलग-अलग बूथ में किया जा चुका है।