रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रहने वाली दो साल की बच्ची की मौत के मामले में जीआरपी ने हत्या का खुलासा किया है। सौतेले पिता ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में जीआरपी ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। शासकीय रेल पुलिस ने बच्ची की हत्या के आरोप में उसके 23 वर्षीय सौतेले पिता को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसकी मौत हुई। मृतका के शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान मिले हैं।
विज्ञापन
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन बच्ची को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। शुरुआती चरण में परिजनों और डॉक्टरों ने इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत माना था। तब परिजनों ने किसी तरह की आशंका व्यक्त नहीं की थी। हालांकि, बच्ची की मां और अन्य परिजनों को बाद में मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्होंने स्थिति स्पष्ट करने के लिए अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन देकर शव परीक्षण कराने की मांग की।
शव परीक्षण से खुला हत्या का राज
परिजनों की मांग पर अस्पताल में बच्ची का शव परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने गहराई से मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोपी आकाश देवर कुम्हारी का रहने वाला है। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
जीआरपी के पुलिस उपअधीक्षक एसएन अख्तर ने बताया कि शव परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरण में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।