चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास अनोखी घटना के कारण 500 से अधिक घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कटौती की सामान्य वजहों जैसे तकनीकी खराबी, तार टूटने या उपकरणों में गड़बड़ी से इतर इस बार एक सांप बिजली आपूर्ति बाधित होने का कारण बना।
भिलाई शहर में चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास अनोखी घटना के कारण 500 से अधिक घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कटौती की सामान्य वजहों जैसे तकनीकी खराबी, तार टूटने या उपकरणों में गड़बड़ी से इतर इस बार एक सांप बिजली आपूर्ति बाधित होने का कारण बना। 11 केवी बिजली लाइन के खंभे पर लगे डीओ यूनिट के बीच लगभग पांच फीट लंबा सांप फंस गया था। करंट की चपेट में आने से सांप की मौके पर ही मौत हो गई। इस वजह से पूरी लाइन में गंभीर फॉल्ट आ गया और आसपास के रिहायशी इलाकों के साथ-साथ व्यावसायिक परिसरों में घंटों अंधेरा छाया रहा।
विज्ञापन
लाइन की फुट पेट्रोलिंग से हुआ फॉल्ट का खुलासा
रात से बिजली बंद रहने की शिकायत मिलने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारियों की टीम चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास पहुंची। टीम ने सबसे पहले 11 केवी लाइन से जुड़े उपकरणों और आसपास के सभी हिस्सों की जांच की। मशक्कत के बाद भी जब सामान्य जांच से फॉल्ट का सही कारण समझ नहीं आया, तो कर्मचारियों ने लाइन की फुट पेट्रोलिंग शुरू कर दी। इस प्रक्रिया के तहत बिजली कर्मियों ने लाइन से जुड़े प्रत्येक खंभे और उपकरण को बारीकी से देखा। इसी दौरान एक डीपी पोल पर लगे डीओ यूनिट के पास कर्मचारियों को कुछ असामान्य नजर आया। कर्मचारियों ने ध्यान से देखा तो डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा सांप फंसा हुआ दिखा। करंट लगने के कारण सांप की मौत हो चुकी थी और उसका शरीर वहीं लटका हुआ था। तब जाकर कर्मचारियों को बिजली फॉल्ट की वास्तविक वजह समझ आई।
सावधानीपूर्वक निकाला गया मृत सांप का शरीर
डीओ यूनिट के बीच सांप फंसा होने के कारण उसे वहां से बाहर निकालना कर्मचारियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। टीम ने सावधानी बरतते हुए कार्य शुरू किया। सबसे पहले लाइन का प्रवाह रोका गया और फिर सुरक्षात्मक तरीकों से सांप के शरीर को डीओ यूनिट से बाहर निकाला गया। सांप हटाने के बाद कर्मचारियों ने डीओ यूनिट के साथ पूरी 11 केवी लाइन की दोबारा गहराई से तकनीकी जांच की। आवश्यक मरम्मत करने और फॉल्ट दूर करने के बाद ही इलाके की बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल की जा सकी। कर्मचारियों के अनुसार खंभे पर मिला सांप असढ़िया प्रजाति का बताया। कर्मियों का कहना है कि इस प्रजाति के सांप अक्सर बिजली के खंभों पर ऊपर तक चढ़ जाते हैं।