फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रीराम यादव हत्याकांड: चार दोषियों को उम्रकैद, पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे बरी

Thu, 19 Nov 2026 09:24 AM IST
अमन कोशले न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर

सार

दुर्ग के बहुचर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री हत्याकांड में अदालत ने चार आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को आपराधिक साजिश और आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से बरी कर दिया गया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुर्ग जिले के गंजपारा नाका चौक पर हुए बहुचर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री हत्याकांड में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने चार आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। न्यायालय ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को हत्या व रास्ता रोकने का दोषी ठहराया। वहीं साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने दुर्ग नगर निगम के पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को आपराधिक साजिश रचने व आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से बरी कर दिया।
विज्ञापन


अदालत ने चारों दोषियों को हत्या में उम्रकैद और 1,000-1,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। रास्ता रोकने के मामले में चारों को एक महीने की साधारण कैद और 500-500 रुपये जुर्माना की सजा दी गई। आरोपी अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को सार्वजनिक जगह पर बटनदार चाकू रखने व उपयोग करने पर आर्म्स एक्ट के तहत क्रमश: दो और तीन साल की सश्रम कैद तथा 500-500 रुपये अतिरिक्त जुर्माने की सजा मिली। पुलिस ने अक्षत से 10 इंच और शुभम से 6.5 इंच लंबा चाकू बरामद किया था।

पुरानी रंजिश में दो बाइक से आए थे हमलावर
घटना के अनुसार 21 मई, 2024 की रात गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव को दो मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने घेर लिया। पुरानी रंजिश में आरोपियों ने रास्ता रोककर चाकू व कड़े से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण श्रीराम यादव की मौत हो गई।
विज्ञापन


पोस्टमार्टम करने वाली डॉ. वैशाली साहू ने अदालत में पुष्टि की कि अत्यधिक अंदरूनी व बाहरी रक्तस्राव से हाइपोवोलेमिक शॉक के कारण मौत हुई, जो स्पष्ट रूप से हत्या थी। चश्मदीद गवाह मुन्ना ने बताया कि अक्षत व शुभम ने चाकू से तथा अमिताभ ने कड़े से वार किया था। बलराम ने भी हमलावरों द्वारा रास्ता रोककर हमला करने की पुष्टि की। घायल श्रीराम यादव ने दम तोड़ने से पहले ऋषि यादव, महेश यादव, पुलिस पेट्रोलिंग कर्मी योगेश चंद्राकर, उत्कर्ष सिंह, प्रशांत पाटनकर और अलाउद्दीन शेख को हमलावरों के नाम बताए थे। 

पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को मिली राहत
अदालत ने पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को हत्या की साजिश रचने और आरोपी अमिताभ को छिपाने के आरोपों से बरी कर दिया। पुलिस द्वारा प्रस्तुत कॉल डिटेल रिकॉर्ड से उनकी संलिप्तता सिद्ध नहीं हो सकी। अदालत ने कहा कि आपराधिक साजिश के लिए पूर्व नियोजित सहमति के ठोस सबूत आवश्यक हैं, जो यहां नहीं मिले।

अजय पचरीपारा वार्ड से पार्षद व दुर्ग जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष रहे हैं और उन्हें वरिष्ठ नेता सरोज पांडेय का करीबी माना जाता रहा। बाद में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले अजय का नाम दुर्ग कोतवाली की हिस्ट्रीशीटर सूची में दर्ज रहा है।

पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे के निर्देश
अदालत ने माना कि हत्या से पीड़ित परिवार को मानसिक क्षति पहुंची है। इसलिए पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग को भेजने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें