केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि मंगलवार को हुए हमले का नक्सलियों से बदला लिया जाएगा।
हमले के बाद हालात का जायजा लेने छत्तीसगढ़ पहुंचे गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की पुलिस फोर्स मिलकर नक्सल रोधी अभियान की शुरुआत करेंगी और इस हमले में शामिल नक्सलियों को ढूंढ निकालेगी।
हमें पता है कि वे कहां छिपे हैं। शिंदे ने हमले में शहीद 15 जवानों को श्रद्धांजलि भी दी। मंगलवार को सुकमा जिले में हुए हमले में सुरक्षा बल के 15 जवान शहीद हो गए थे और एक ग्रामीण की भी जान चली गई थी।
शिंदे ने बताया कि मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले डराने के लिए यह कोशिश की गई है। लेकिन हम सफलतापूर्वक चुनाव कराएंगे।
शिंदे ने कहा कि सुकमा में नक्सली हमले को लेकर कोई खुफिया जानकारी पहले से उपलब्ध नहीं थी। दो या तीन बार खुफिया संकेत मिले थे, लेकिन वह सटीक नहीं थे।
कांग्रेस ने शिंदे के बयान का किया बचाव
नक्सली हमले का बदला लेने के सुशील शिंदे के बयान का कांग्रेस ने बचाव किया है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस तरह की ताकतों को उचित जवाब देने में सक्षम हैं।
जिस किसी ने भी देश की संप्रभुता को चुनौती देने की कोशिश की है, उसे मिटा दिया गया है और भविष्य में भी ऐसा ही होगा।