छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई है और सात अन्य घायल हो गए हैं। रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेलीबांधा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेरीखेड़ी गांव के करीब बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बस में सवार सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है और सात अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के 59 मजदूर एक बस में सवार होकर गुजरात के लिए रवाना हुए थे। जब बस सेरीखेड़ी गांव के करीब पहुंची तब वह ट्रक से टकरा गई। इस घटना में सात मजूदरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। पुलिस ने शवों को और घायलों को अस्पताल भेजा है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी मजदूर गुजरात के सूरत में कपड़ा मिल में काम करने जा रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
ओडिशा के सीएम ने किया मुआवजे का एलान
ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि 'ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में बस दुर्घटना में मारे गए गंजम निवासी सात लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। नवीन पटनायक ने मंत्री सुशांत सिंह को आवश्यक सहायता देने के लिए तुरंत रायपुर जाने का निर्देश दिया है।