छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी टीम बनानी शुरू कर दी है। कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को उन्होंने डीएम अवस्थी को राज्य का डीजीपी नियुक्त किया था जिसकी खूब चर्चा हुई। आज गुरुवार को वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के रुप में नियुक्त करने का शासनादेश जारी कर दिया गया। विनोद वर्मा कई श्रेष्ठ मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके हैं और लंबा अनुभव रखते हैं।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले विनोद वर्मा एक राजनीतिक पत्रकार के रुप में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं। गुरुवार को जारी शासनादेश में बताया गया है कि इस पद के हेतु उन्हें एक लाख बीस हजार रुपये प्रतिमाह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा वे राज्य शासन के विशेष सचिव को मिलने वाली सभी सुविधाओं को पाने के हकदार भी होंगे।