गौरेला पेंड्रा मरवाही में विश्व आदिवासी दिवस पर बुधवार को सर्व आदिवासी समाज ने 20 किलोमीटर लंबी रैली निकालकर आदिवासी एकता का परिचय दिया। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस पर छुट्टी घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया है।
विश्व आदिवासी दिवस पर सर्व आदिवासी समाज ने विशाल रैली का आयोजन किया। इसमें सभी आदिवासी वर्ग के अलग-अलग समाज के लोगों ने भाग लिया। पेंड्रा के इंदिरा उद्यान से रैली का रूप लेकर आदिवासी समाज रानी दुर्गावती चौक पहुंचे, जहां रानी दुर्गावती की भव्य प्रतिमा का माल्यार्पण कर आदिवासी समाज ने नारेबाजी की। इसके बाद पेंड्रा रोड होते हुए रैली मेडिका पहुंची, जहां विशाल आमसभा के रूप में परिवर्तित हो गई।
सर्व आदिवासी समाज में गोंड़, भैना, कंवर, बैगा, भारिया जैसे समस्त आदिवासी समाज ने शिरकत की। मेढुका गांव के हाई स्कूल प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभा में मरवाही विधायक के ध्रुव, पूर्व विधायक पहलवान सिंह मराबी, सर्व आदिवासी समाज नेता सहित आम लोग भी शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया।