बेमेतरा जिले में भक्त मां कर्मा की मूर्ति खंडित हुई है। इससे साहू समाज में नाराजगी है। इस मामले में बेमेतरा नगर पालिका सीएमओ भूपेन्द्र उपाध्याय के आवेदन पर कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासन के साथ साहू समाज की बैठक हुई। यह बैठक कलेक्टर पीएस एल्मा कलेक्टर पीएस एल्मा हुई।
बैठक में साहू समाज के पदाधिकारियों द्वारा मांग रखी गई कि उनकी आराध्य भक्त मां कर्मा की मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई है, उसे हटाकर नई प्रतिमा स्थापित की जाए। साथ ही जो भी इसके दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों को जानकारी दी गई कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा की गुणवत्ता जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञ कार्यपालन अभियंता आरईएस, सहायक अभियंता हाउसिंग बोर्ड की टीम गठित की गई है। ये तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच पुलिस अधिकारी द्वारा की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में उपस्थित साहू समाज के पदाधिकारियों की मांग पर सर्व सहमति से ये निर्णय लिया गया कि नगर पालिका बेमेतरा द्वारा क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बदलकर भक्त मां कर्मा की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।