पत्थलगांव शहर में गलत तरीके से ई-टिकट बनाने वाले पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) अम्बिकापुर टीम ने दबिश दी। टीम ने दबिश देकर 69 ई-टिकट जब्त किए। इसकी कीमत डेढ़ लाख से अधिक बताई जा रही है। संचालक पर्सनल आईडी पर ई-टिकट बनाकर बेच रहे थे। संचालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की कार्रवाई की गई है।
अम्बिकापुर आरपीएफ कर्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पत्थलगांव शहर के अम्बिकापुर रोड स्थित बंटी फोटो कॉपी दुकान में गलत तरीके से ई-टिकट बनाया जा रहा था। टीम ने दुकान में दबिश दी। यहां पर्सनल आईडी पर टिकट बनाकर ई-टिकट का व्यापार किया जा रहा था। दुकान से 69 टिकट बरामद की गई जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। टीम ने सीपीयू व मोबाइल भी जब्त किया है।
आरपीएफ ने रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल को अंबिकापुर रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से अर्थदंड लगाकर जमानत पर छोड़ा गया। नियमानुसार रेलवे ई-टिकट बनाने के लिए वेंडर नियुक्त करती है। इसके लिए रेलवे से लाइसेंस लेना पड़ता है। जबकि पर्सनल आईडी से सिर्फ व्यक्तिगत यात्रा की टिकट बुक कर सकते हैं। व्यवसायिक उपयोग के लिए ई-टिकट बनाकर बिना अनुमति बेचना रेलवे अधिनियम में अपराध है।