पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की समीक्षा बैठक आज मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, छात्रवृत्ति और छात्रावास निर्माण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के प्रारंभ में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने विभागीय संरचना और गतिविधियों की जानकारी दी। मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों से विभाग के अंतर्गत आने वाले आयोगों एवं बोर्ड की कार्यप्रणाली पर जानकारी ली। इस दौरान सरगुजा, दुर्ग और बस्तर संभागों में 500-500 सीटर छात्रावास निर्माण के प्रस्ताव पर विचार किया गया। साथ ही अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण और वर्तमान छात्रावासों की मरम्मत की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।#
मंत्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाएं राज्य में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक छात्रों को लाभान्वित करने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभागीय अपर संचालक, उप संचालक और उपायुक्त स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।