छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के करीब हावड़ा-कुर्ला एक्सप्रेस में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है। एक व्यक्ति ने रेलगाड़ी के टॉयलेट में सात साल की मासूम से बलात्कार किया और उसे यह बात किसी को न बताने की एवज में 10 रुपए का नोट थमा दिया।
पुलिस ने बच्ची के हवाले से यह जानकारी दी है। आरोपी ने दुष्कर्म करने के बाद बच्ची को रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। इस बात की जांच की जा रही है कि बच्ची से रेप ट्रेन में हुआ या कहीं और। दरअसल, वह कोतवाली थाने के करीब बाजार में मिली।
बिलासपुर के एसपी रतनलाल दांगी ने बताया कि बच्ची को छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उससे रेप की पुष्टि हुई है।
बच्ची के मुताबिक वह हावड़ा-कुर्ला एक्सप्रेस में थी और जब टॉयलेट जाने लगी, तो एक अज्ञात शख्स उसके पीछे गया और उससे रेप किया। इसके बाद उसके हाथ में 10 रुपए का नोट पकड़ाकर उसे बिलासपुर स्टेशन उतार दिया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस बच्ची का बयान दर्ज नहीं कर सकी है, क्योंकि उसकी हालत खराब है, लेकिन उसने अस्पताल ले जाते वक्त कोतवाली पुलिस को जो कुछ बताया, वह दिल दहलाने वाला है।
इस बारे में भी जानकारी नहीं मिली है कि बच्ची अकेली सफर कर रही थी या ट्रेन में उसके साथ कोई और भी था।