छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार और पद्मश्री अनुज शर्मा, पदमश्री राधे श्याम बारले और रिटायर्ड IAS राजपाल सिंह त्यागी, लोक कलाकार कुलेश्वर ताम्रकर सहित 300 हस्तियों ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन सभी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, छात्र नेता बीजेपी में हुए शामिल
इसके साथ ही इंजीनियर, डॉक्टर, वकील और कई कॉलेजों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्रों ने भी बीेजपी में प्रवेश किया है। प्रदेश के 300 से ज्यादा छत्तीसगढ़ी कलाकार, समाजसेवी, व्यापारी और किसानों ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि नए कार्यकर्ताओं का मैं स्वागत करता हूं। यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। आज पद्मश्री से विभूषित लोग बीजेपी में शामिल हुए हैं। इनमें अनुज शर्मा और राधेश्याम बारले अपनी कला से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। ऐसे विद्वान और पद्मश्री लोगों का पार्टी में स्वागत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की दशा और दिशा को खराब की है। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को बचाने का काम करेंगे। आप सभी के आने से निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिलेगी। आप सबको एक बार दोबारा बधाई।