रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब पार बीटीएस चौक के पास आरोपियों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया।
रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब पार बीटीएस चौक के पास आरोपियों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे आरोपियों ने मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास और बलवा की धाराओं में मामला दर्ज कर रवि रक्सेल, हर्ष, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद मरही माता मंदिर के पास कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया, वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने तलवार लहराकर माहौल को और तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।