प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की मंशा आपकी कमाई संपत्ति लूटने की है। कांग्रेस चाहती है कि मेहनत से आप जो संपत्ति जुटाएं, वह आपके बच्चों को न मिले।
सरगुजा की चुनावी रैली में मोदी ने कहा, कांग्रेस के खतरनाक इरादे एक के बाद एक खुलकर सामने आ रहे हैं। शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मध्य वर्ग पर और ज्यादा कर लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वह विरासत कर लगाएगी। माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी कर वसूलेगी। आप अपनी मेहनत से जो संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी, बल्कि कांग्रेस सरकार का पंजा उसे छीन लेगा।
यानी कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा कर से मारेगी और जब आप नहीं होंगे तो आपके परिवार पर विरासत कर का बोझ लाद देगी। मोदी ने कहा, जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी को अपनी पैतृक संपत्ति माना और इसे अपने बच्चों को सौंप दिया, वे अब नहीं चाहते कि भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को सौंपें।
पार्टी को पैतृक संपत्ति माना...बच्चों को सौंप दी
जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी को पैतृक संपत्ति माना और उसे अपने बच्चों को सौंप दी। वे अब नहीं चाहते कि भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को सौंपें। कांग्रेस सरकार का पंजा उसे भी आपसे छीन लेगा।
मूल्यों से लेकर संस्कृति तक हमारा देश उपभोक्तावादी नहीं है। हम संचय, संवर्धन व संरक्षण में विश्वास करते हैं। लोग श्रम करते हैं, जरूरतों के अनुसार खर्च करते हैं। कांग्रेस भारत के मूलभूत मूल्यों व संस्कृति पर जोरदार हमला करने जा रही है।
-नरेंद्र मोदी
कांग्रेस ने कहा, बयान से कोई लेना-देना नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, देश में संविधान है, कांग्रेस का विरासत कर कानून लाने का कोई इरादा नहीं है। वे सिर्फ वोट के लिए यह सब कह रहे हैं। वहीं, पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा, पित्रोदा उन मुद्दों पर स्वतंत्र रूप से राय रखते हैं, जिनके बारे में वे दृढ़ता से महसूस करते हैं। अमेरिका के विरासत कर वाला बयान उनका निजी विचार है और इसका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।
फिर उजागर हुई कांग्रेस की तुष्टीकरण राजनीति : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पित्रोदा के बयान से कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति फिर उजागर हो गई। सैम ने बहुसंख्यकों की संपत्ति जब्त करने और इसे अल्पसंख्यकों में बांटने के पार्टी के इरादे की पुष्टि की है। इससे सिद्ध होता है कि गरीबों, दलितों, युवाओं, जनजातियों व पिछड़े वर्ग का सबलीकरण कभी कांग्रेस के एजेंडे में नहीं था।