किसानों और कृषि श्रमिकों को कांग्रेस अपनी नीतियों के केंद्र में रखेगी और नीतियां सिर्फ उत्पादन लक्ष्य हासिल करने तक सीमित नहीं रहेंगी। किसानों को कर्ज से राहत और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी जैसे उपायों से सुरक्षा प्रदान की जाएगी। पार्टी के 85वें महाधिवेशन के अंतिम दिन जारी घोषणापत्र रायपुर की हुंकार में यह बात कही गई। इसी के साथ वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सरलीकरण का भी वादा किया गया।
राहुल बोले- कांग्रेस सत्याग्रही, भाजपा और आरएसएस सत्ताग्रही : तानाशाही और सांप्रदायिकता से लड़ते रहेंगे
कांग्रेस ने कहा है कि वह भाजपा की तानाशाहीष सांप्रदायिक राजनीति व पक्षपातपूर्ण पूंजीवादी आक्रमण के खिलाफ अपने राजनीतिक मूल्यों की रक्षा के लिए संधर्ष करती रहेगी। राहुल गांधी ने कहा, कांग्रेस के लोग सत्याग्रही हैं, जबकि भाजपा-आरएसएस के लोग ‘सत्ताग्रही’ हैं। हालांकि, इस दौरान सत्य का मार्ग की जगह राहुल गांधी की जुबान फिसल गई उनके मुंह से सत्य की जगह सत्ता निकल गया। कांग्रेस सांसद ने चीन को भारत से बड़ी अर्थव्यवस्था बताने के बारे में विदेश मंत्री जयशंकर के बयान को कायरतापूर्ण बताते हुए कहा, आजादी के आंदोलन के दौरान ब्रिटेन के मुकाबले भारत की अर्थव्यवस्था कहीं नहीं थी, लेकिन इससे आजादी के आंदोलन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। राहुल ने कहा-पीएम ने संसद में बयान दिया कि उन्होंने कुछ लोगों को लेकर लाल चौक पर तिरंगा फहराया था। आपने लोगों से भारतीय तिरंगे के प्रति प्यार छीन लिया, हमने उनमें वह प्यार फिर से जगाया।
हम महिलाओं के लिए विधायिकाओं और संसद में 33 फीसदी आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध : कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा कि वह विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ने यह वादा करते हुए कि वह यह सुनिश्चित करते हुए कानून पारित करने का प्रयास करेगी कि यह एक 'समावेशी आरक्षण' है जो पिछड़े, दलित और युवा महिलाओं के लिए होगा।
देशव्यापी विरोध की तैयारी
अडानी-हिंडनबर्ग मुद्दे पर सरकार पर अपने हमले को तेज करने के लिए कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाइयों को राज्यों में इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने और बाद में विभिन्न स्तरों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए कहा है। रविवार को जारी एक बयान में कांग्रेस महासचिव और संगठन प्रभारी के सी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी ने अपना आंदोलन तेज करने और इस मुद्दे को सीधे लोगों के बीच ले जाने का फैसला किया है। वेणुगोपाल ने कहा कि सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) को सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए कहा गया है, जिसे राज्य के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे और इसके बाद सभी राज्य इकाइयां विभिन्न स्तरों पर आंदोलनकारी गतिविधियों का आयोजन करेंगी।
लाल चौक पर फहरा रहा तिरंगा केंद्र सरकार की ही देन : भाजपा
केंद्र सरकार पर आरोपों के बाद भाजपा ने जवाबी हमला किया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ऐसे समय में जब दुनिया भारत को चमकती जगह के रूप में देख रही है, राहुल गांधी व उनके नेता ऐसा दिखा रहे हैं जैसे भारत बर्बाद हो गया है। पात्रा ने यह भी कहा, राहुल को यह मानने के लिए मैं धन्यवाद देता हूं कि कश्मीर में मोदी सरकार ने क्या उपलब्धि हासिल की हैं। जहां पहले कभी तिरंगा नहीं लहराया जाता था कांग्रेस पार्टी ने वहां हजारों तिरंगे लहराते देखे। राहुल को सोचना चाहिए कि इसके पीछे क्या वजह है। यदि आज लाल चौक पर तिरंगा फहरा रहा है तो यह नरेंद्र मोदी सरकार के अच्छे शासन के कारण है।