छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में 15 अगस्त के मुख्य आयोजन के दौरान एसपी गिरिजा शंकर जायसवाल का कबूतर नहीं उड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। एसपी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण कार्यक्रम में बीमार कबूतर उड़ाने के लिए दिया गया था, जिस वजह से यह स्थिति पैदा हुई।
एसपी ने कहा कि कबूतर के जमीन पर गिरने की घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह घटना यदि मुख्य अतिथि और विधायक के हाथों होती तो स्थिति और भी अप्रिय होती। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस समारोह में एसपी जायसवाल का शांति के प्रतीक के तौर पर छोड़ा गया कबूतर उड़ नहीं पाया, जिसे लोग वेब सीरीज 'पंचायत' सीजन 3 से जोड़ते हुए वायरल कर रहे हैं।