फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: डेयरी में मिला तीन टन खराब खोवा-पनीर और मिठाई, खाद्य सुरक्षा विभाग ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर किया नष्ट

Mon, 16 Nov 2026 08:05 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर

सार

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला स्थित उत्सव डेयरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब तीन टन खराब खोवा, पनीर और मिठाइयां जब्त कीं। दूषित सामग्री को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया गया।

 

विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बेमेतरा जिले के बेरला स्थित लिमाही चौक में खाद्य सुरक्षा विभाग की रायपुर विजिलेंस टीम और स्थानीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने उत्सव डेयरी में अचानक दबिश देकर भारी मात्रा में गंदगी के बीच रखा करीब तीन टन खराब खोवा, पनीर और मिठाइयों को जब्त किया। विभाग ने नगर पंचायत प्रशासन तथा पुलिस की उपस्थिति में जेसीबी मशीन से गहरा गड्ढा खुदवाया और पूरी दूषित सामग्री को मिट्टी में दबाकर नष्ट कर दिया, ताकि इसका दोबारा उपयोग न हो सके। साथ ही, अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
विज्ञापन


अस्वच्छ परिसर और दूषित खाद्य सामग्री
खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि उत्सव डेयरी परिसर में भारी मात्रा में खाद्य सामग्रियां बेहद अस्वच्छ वातावरण में रखी गई हैं। इस आधार पर अधिकारियों के निर्देश पर रायपुर विजिलेंस टीम और स्थानीय अधिकारियों ने जांच आरंभ की। निरीक्षण के दौरान डेयरी के कोल्ड स्टोरेज और आसपास के क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी तथा दुर्गंध फैली पाई गई। परिसर में जगह-जगह जलभराव था और जमीन पर कीचड़ बिखरा पड़ा था।

जांच दल को मौके पर करीब 2,000 किलोग्राम खोवा, 900 किलोग्राम पनीर तथा 150 से 200 किलोग्राम विभिन्न मिठाइयां मिलीं। इन मिठाइयों में मुख्य रूप से बूंदी के लड्डू और मिल्क केक शामिल थे। डेयरी के संचालक हरीश साहू कार्रवाई के समय उपस्थित नहीं थे, इसलिए उनकी पत्नी की उपस्थिति और सहमति से सामग्री को नष्ट कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया गया कि दिवाली पर श्रमिकों की कमी के कारण संचालक खराब सामग्री का निस्तारण नहीं करा पाए थे।
विज्ञापन


रिहायशी क्षेत्र में गंदगी की समस्या
उत्सव डेयरी से निकलने वाले दूषित पानी के कारण आसपास की घनी बस्ती के निवासी लंबे समय से परेशान चल रहे थे। स्थानीय लोगों ने फैक्टरी से निकलने वाले गंदे पानी और उससे फैलने वाली बदबू के संबंध में विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। रहवासियों का कहना था कि प्रसंस्करण इकाई से बहने वाला गंदा पानी निरंतर उनके रिहायशी इलाके तक पहुंच रहा था। नागरिकों की शिकायत और विजिलेंस की सूचना पर प्रशासन ने यह कदम उठाया।

सख्त विधिक कार्रवाई और प्रयोगशाला जांच
रायपुर विजिलेंस टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव ने बताया कि उच्च अधिकारियों तथा नियंत्रक के स्पष्ट निर्देशों के तहत ही उत्सव डेयरी के परिसर में यह जांच अभियान चलाया गया था। उन्होंने बताया कि मौके से जब्त की गई अमानक सामग्री के नमूने विधिपूर्वक एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अमानक खाद्य सामग्री पाए जाने पर संचालक के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें