रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के काशीराम नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल धुव्र बर्वे, निवासी काशीराम नगर, तेलीबांधा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थैले से 3.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के साथ बिक्री से जुड़ी 4 हजार 700 रुपये की नकद राशि भी जब्त की। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1 लाख 59 हजार 700 रुपये है।
इस मामले में थाना तेलीबांधा में आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।