राजधानी रायपुर में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका चौक के पास कुछ लोग बैग में गांजा लेकर खड़े हैं और आगे कहीं ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 पुरुष, 2 महिलाओं और एक नाबालिग सहित कुल 7 लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से कुल 22.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 11.22 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी उड़ीसा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।