अमर उजाला की खबर का असर हुआ है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की भाठागांव से काठाडीह-दतरेंगा सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दीपावली से पांच दिन पूर्व यह सड़क बननी शुरू हो गई थी। अब पूरी तरह से सड़क बन चुकी है। इस वजह से भाठागांव के व्यापारियों को काफी राहत मिली है। सड़क बन जाने से इस दीपावली में उनका कारोबार पिछले बार की तुलना में काफी बेहतर रहा। वहीं स्कूल, कॉलेज आने-जाने वाले शिक्षकों और छात्रों के चेहरे में मुस्कान बिखर गई है।
अमर उजाला ने भाठागांव से काठाडीह-दतरेंगा सड़क की दुर्दशा को प्रमुखता से उठाया था। इस ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। इसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ। बता दें कि यह सड़क काफी जर्जर और गड्ढ़ों में तब्दील हो गई थी। इस रोड पर लोग आने से कतराते थे। 20 महीने के बावजूद रायपुर नगर निगम भाठागांव से काठाडीह मोड़ तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क नहीं बनवा पाया था। करीब साढ़े तीन करोड़ की यह सड़क अधूरी और जर्जर थी।
अमर उजाला ने उठाया था यह मुद्दा
- फोटो : Amar Ujala Digital
इन गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क
इस रोड से महादेवघाट, काठाडीह, दतरेंगा, खुड़मुड़ा, खुड़मुड़ी, घुघुवा, झींट, कापसी, अम्लेश्वर, कोपेडीड आदि गांवों के लोग राजधानी आना जाना करते हैं। यह रायपुर को महादेवघाट से जोड़ने वाली प्रमुख रोड है, जिस पर महादेवघाट कॉरिडोर भी प्रस्तावित है। इस सड़क की बात करें तो एक तरफ डामरीकरण हो चुका था, तो दूसरी तरफ केवल बजरी और गिट्टी बिछाकर छोड़ दिया गया था। इस वजह से सड़क चलना दुभर हो गया था। गड्डों के कारण एक किलोमीटर का सफर तय करने में 20 मिनट लग रहे थे। शाम को धूल से दुकानें भर जाती थी। इस रास्ते से काठाडीह स्थित पत्रकारिता विश्वविद्यालय के छात्र और शिक्षक-प्रोफेसर रायपुर से आना-जाना करते हैं। उन्हें भी भारी परेशानी हो रही थी। दुकानदारों का कहना था कि धूल के कारण ग्राहक दुकानों में नहीं आ रहे थे। इससे दुकानदारी प्रभावित हो रही थी।
अमर उजाला ने सड़क की दुर्दशा को लेकर उठाया था आवाज
- फोटो : Amar Ujala Digital
साल 2024 में जारी हुआ था टेंडर
इस सड़क को लेकर दिसंबर 2024 में रायपुर नगर निगम ने टेंडर जारी किया था। फरवरी 2025 में वर्कऑर्डर दिया गया। निर्माण की अवधि 12 महीने थी। वहीं एक महीने का मोबिलाइजेशन पीरियड भी तय था। इस हिसाब से मार्च 2026 तक सड़क कंप्लीट हो जानी थी। इस निर्माण में देरी पर विधायक सुनील सोनी ने नाराजगी जताते हुए मार्च तक काम पूरा करने की चेतावनी दी थी। इतना ही नहीं निगम भी ठेकेदार को दो बार नोटिस दिया गया था। तीन दिन में डामरीकरण शुरू नहीं करने पर टेंडर शर्तों के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।