फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायपुर में 8 जनवरी से लगेगा साहित्य का महाकुंभ: पुरखौती मुक्तांगन में जुटेंगे साहित्यकार, जानें इस बार की थीम

Thu, 26 Nov 2026 10:17 AM IST
Lalit Kumar Singh अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिये  राजधानी रायपुर में साहित्य का महाकुंभ लगेगा। 8 से 10 जनवरी 2027 तक पुरखौती मुक्तांगन नवा रायपुर में रायपुर साहित्य उत्सव मनाया जायेगा।
विज्ञापन
प्रतीक चिह्न का अनावरण करते सीएम साय - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिये  राजधानी रायपुर में साहित्य का महाकुंभ लगेगा। 8 से 10 जनवरी 2027 तक पुरखौती मुक्तांगन नवा रायपुर में रायपुर साहित्य उत्सव मनाया जायेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हाउस में प्रदेश के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध साहित्यकारों की मौजूदगी में रायपुर साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस साल महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रहेगी।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। हमारी भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में यहां के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव  इस समृद्ध विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा और  देशभर में इसकी चर्चा हुई। उन्होंने गत वर्ष के सफल आयोजन के लिए सभी साहित्यकारों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस बार महोत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य मनाया जायेगा। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे। यह आयोजन केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और नई रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का सशक्त मंच बने।

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर फोकस
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं एवं बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत समाहित है। इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण तथा संरक्षण जरूरी है। साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए। इस बार की थीम ‘युवा भारत' अत्यंत प्रासंगिक है। यह भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।


रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के लिए सलाहकार समिति गठित
जनसंपर्क विभाग ने रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के आयोजन के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया गया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार,  सलाहकार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह, प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर, साहित्य परिषद दिल्ली से मनोज कुमार को नामांकित किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें