आईपीएल 6 में दिल्ली डेयरडेविल्स के मैचों की सफल मेजबानी कर चुके रायपुर के स्टेडियम को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी मिलने की संभावना बढ गई है।
इस स्टेडियम को आस्ट्रेलिया टीम के भारत दौरे में एक मैच की मेजबानी मिल सकती है।
आगामी सितंबर में छत्तीसगढ राज्य क्रिकेट संघ बीसीसीआई के सहायक संघ के रूप में पांच साल पूरा कर लेगा और उसे स्वाभाविक रूप से पूर्ण सदस्य का दर्जा मिल जाएगा।
इसके साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को भी अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए हरी झंडी मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री रमन सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले साल से प्रदेश की रणजी टीम भी बनाई जाएगी। उन्होंने आईपीएल के अध्यक्ष राजीव शुक्ला से बात की है और उनसे कहा है कि हम टेस्ट मैचों की मेजबानी के लिए भी तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि रिकार्ड 45 दिनों में स्टेडियम का काम पूरा किया है और यहां पहला मैच जबर्दस्त हिट रहा। उनकी कोशिश है कि भविष्य में वहां एक अकादमी भी स्थापित की जाए और स्टेडियम का पूरा फायदा उठाया जाए।