रायपुर में क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 1,54,90,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर आरोपियों ने पीड़ित व्यवसायी को निवेश पर 25 से 30 प्रतिशत तक का भारी रिटर्न देने का लालच दिया था। झांसे में आकर व्यवसायी ने विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
झांसा देकर ट्रांसफर कराई रकम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने व्यवसायी को क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी ट्रेडिंग के कारोबार में निवेश करने पर बेहतर मुनाफा मिलने का लालच दिया था। उसकी बातों पर भरोसा करके कारोबारी ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,54,90,000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी। जब बाद में धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब पीड़ित व्यवसायी ने थाना आजाद चौक पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता में केस दर्ज किया और तफ्तीश शुरू कर दी।
बैंक खातों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों में हुए लेनदेन की गहनता से पड़ताल की। खातों के ट्रांजेक्शन की जांच करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ललित अग्रवाल ने व्यवसायी के साथ ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी ललित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।