कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गोपनीय सूचना लीक होने पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की रणनीति लीक होने के मामले में निरीक्षक दुबे निलंबित, पहले दो आरक्षक भी हो चुके हैं सस्पेंड।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा ने नारायणपुर में तैनात निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई गोपनीय योजना की जानकारी लीक होने के बाद की गई है। पुलिस मुख्यालय से जारी आधिकारिक आदेश में निरीक्षक का आचरण संदिग्ध तथा विभागीय मर्यादा के विपरीत बताया गया है।
विज्ञापन
यह प्रकरण रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध से जुड़ा हुआ है। पुलिस की टीम जब आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश देने पहुंची, तो आरोपी समय रहते वहां से फरार होने में सफल हो गया।
गोपनीय सूचना सार्वजनिक होने के बाद जांच
मामले के विवरण के अनुसार आरोपी शोएब ढेबर पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की वसूली मांगने का गंभीर आरोप है। पुलिस प्रशासन ने आरोपी को पकड़ने के लिए खम्हारडीह समेत विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गुप्त रणनीति बनाई थी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर को दबिश की भनक लग गई और वह मौके से खिसक गया।
विज्ञापन
इस घटना के बाद विभागीय रणनीति लीक होने की आशंका पैदा हुई। सूचना लीक होने की बात सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने आंतरिक स्तर पर गहन जांच प्रारंभ कर दी।
पुलिस आयुक्त के प्रतिवेदन पर बड़ा निर्णय
रायपुर के पुलिस आयुक्त ने पत्र भेजकर निरीक्षक विनीत दुबे के आचरण के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा था। प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया था कि निरीक्षक का आचरण संदेहास्पद है और उन्होंने विभागीय अनुशासन का उल्लंघन किया है।
इस प्रतिवेदन के आधार पर बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा ने विनीत दुबे को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
दो आरक्षक पहले ही किए जा चुके निलंबित
गोपनीय सूचनाओं के रिसाव में पुलिस महकमा पहले भी कड़े कदम उठा चुका है। पूर्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और आरक्षक राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। आंतरिक जांच दल अब यह पता लगा रहा है कि पुलिस की गोपनीय कार्ययोजनाओं को बाहर भेजने में और कौन-कौन से कर्मी शामिल थे। विभाग कानूनी व अनुशासनिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।