रायगढ़ जिले में एक माह पहले फांसी के फंदे पर युवक की लटकती लाश मिलने के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत करते हुए जांच उपरांत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बांसदांड निवासी ललिता बेहरा ने कहा है कि उसके बेटे अतिम बेहरा का एक युवती से दो साल से प्रेम संबंध था। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई थी, जिस कारण अमित कई बार उससे मिलने जाता था।
17 नवंबर की सुबह युवती ने अमित को फोन करके मिलने बुलाया था। जिसके बाद अमित दोपहर ढ़ाई बजे के आस पास घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। अमित के घर नहीं लौटने के बाद परिजनों ने अगले दिन 18 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजनों ने बताया कि इसी बीच 24 नवंबर को अमित बेहरा का शव सारसमाल के जंगल में फांसी के फंदे पर लटकता मिला और मौके पर जहर की दो शीशी भी मिली थी। जिससे उन्हें आशंका है कि युवती और उसके परिजनों ने अमित को कई दिनों तक प्रताड़ित करते हुए जहर देकर उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ में लटकाकर उसे आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।
परिजनों ने बताया कि इस मामले में वे लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिये जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अमित बेहरा की मौत के संबंध में उचित जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।