रायगढ़ जिले में इंस्टाग्राम के एक नाबालिग दोस्त ने युवती को शादी के हसीन सपने दिखाकर शारीरिक संबंध बनाकर शादी से मुकर जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पीडिता ने 25 अगस्त को पुसौर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि करीब दो माह पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक किशोर से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आपसी निकटता भी बढ़ा।
लगभग एक माह पूर्व जब युवती घर में अकेली थी, तब किशोर उसके घर पहुंचा और शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद जब युवती ने विवाह की बात कही तब आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने महिला विवेचक उप निरीक्षक संध्या रानी कोका के नेतृत्व में एफआईआर दर्ज कराई। पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी गई, जहां उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने उसे विधिवत अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।