रायगढ़ जिले में एक सेवा निवृत शिक्षक से लाखों की ठगी हो गई। अनजान शख्स ने खुद को सीबीआई अफसर होना बताते हुए खाते की जांच के बहाने अलग - अलग खातों में रकम जमा करवाकर वारदात को अंजाम दिया है। शिकायत के बाद पुलिस अब अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जतरी निवासी, सेवा निवृत शिक्षक गरुण सिंह पटेल, 72 साल ने रिपोर्ट लिखाते हुए बताया की 10 अक्टूबर को अनजान नंबर से उसके पास फोन आया और खुद को सीबीआई का होना बताते हुए कहा गया की मुंबई में आपके नाम से खाता खोला गया है। इसमें जांच की जा रही है, सहयोग करते हुए गोपनियता रखना है, नहीं तो गिरफ़्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने बताया की खाते जांच की बात कहते हुए राशि को सीबीआई अकाउंट में डालने के लिए कहा गया और जांच होने के बाद प्रमाणित कर वापस करने की बात कही गई। पीड़ित ने बताया की डर के कारण उसने 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक अलग-अलग तारीखों में यूपीआई पेटीएम और आरटी जी एस के माध्यम से 12 किस्तों में कुल 23 लाख, 28 हजार 770 रूपये विभिन्न खातों में डाल दिया।
इस तरह बनाया गया डर
पीड़ित ने यह भी बताया की व्हाट्सअप कॉल और चैटिंग के द्वारा गिरफ़्तारी और राशि जांच की बात उससे करते थे और भारत सरकार, सीबीआई के कागजात भी व्हाट्सअप में उसे भेजा गया था। साथ ही उसे मनी लाउनड्रींग केश में इनवाल्भ होने की बात कहकर डराया जाता रहा।
पांच लाख फाइन लगने का आया मैसेज
पीड़ित ने बताया की 30 अक्टूबर को उसने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने पुत्र सुदर्शन सिंह पटेल जो की जशपुर जिले के बगीचा में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं उसे पूरी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद स्टेटमेंट निकालकर सायबर विभाग पुलिस 1930 में शिकायत दर्ज कराया गया। अभी भी वाट्सऐप के माध्यम से गोपनीयता भंग करने की बात कहते हुए 5 लाख का फाइन लगने की बात कही जा रही है।
थाने में हुआ एफआईआर
बहरहाल सेवा निवृत शिक्षक गरुण सिंह पटेल की शिकायत के बाद पुसौर पुलिस अज्ञात मोबाइल नंबर.... धारक के खिलाफ धारा 318(4) BNS, 66(D) IT ACT के तहत अपराध दर्ज करते हुये पुरे मामले को जांच में ले लिया है।