रायगढ़ में बीते दिनों दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल एक अधेड़ व्यक्ति और एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं में बाइक की टक्कर मौत का कारण बनी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में, जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेलीपाली निवासी विद्यानंद सिदार (59 वर्ष) मजदूरी करके शाम को घर लौट रहे थे। चक्रधर नगर चौक से टुरकुमुड़ा के पास पहुंचने पर, एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही मोटर साइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण विद्यानंद सिदार को सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भेड्रा में हुई, जहां गैरेज में काम करने वाले मोहम्मद साहिब (19 वर्ष) अपने दोस्त मनीष के साथ बाइक पर सवार होकर कार का सामान लेने रायगढ़ आ रहे थे। केलो डेम के पास पहुंचते ही उनकी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में जहां मनीष को हल्की चोटें आईं, वहीं मोहम्मद साहिब गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कल शाम उनकी मौत हो गई। कोतरा रोड पुलिस ने मर्ग पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।