छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े लूट के मामले में अभी तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिली है। बैंक से रुपये निकालकर जा रहे एक शख्स का रास्ता रोककर दो अज्ञात आरोपी तीस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोमवार को रायगढ़ में सीसीटीवी फुटेज खंगाती नजर आई।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र कुमार दुबे ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 मार्च 2026 की दोपहर 12:30 बजे वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की इतवारी बाजार शाखा से रुपये निकालकर जा रहे थे। दुबे अपने कार्यालय भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अनजान लोगों ने अचानक उनका रास्ता रोका। संतुलन बिगड़ने पर दोनों आरोपियों ने उनकी साइकिल के आगे बास्केट जाली में रखे नगदी तीस हजार रुपये ले लिए। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने काफी पतासाजी की, लेकिन आरोपियों का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित ने आठ मार्च को सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।