युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसाया था। बाद में उसने युवती के निजी फोटो और वीडियो हासिल किए। पीड़िता लैलूंगा थाना क्षेत्र की निवासी है।
पीड़िता ने बीती 12 जुलाई को साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि लगभग छह महीना पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान अविनाश उर्फ राजा से हुई थी। आरोपी मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला है। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने युवती से उसके निजी फोटो और वीडियो मंगवाए।
इसके बाद उसने एक एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस ले लिया। मोबाइल का एक्सेस मिलने पर आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली। वह सोशल मीडिया और परिवार के सदस्यों को अंतरंग फोटो-वीडियो भेजने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगा।
भयवश युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में कुल 13 हजार रुपये भेजे। यह राशि 3 हजार, 5 हजार और 5 हजार रुपये की किस्तों में भेजी गई थी। पैसे मिलने के बावजूद आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा। उसने युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का भी प्रयास किया।
पीड़िता की शिकायत के बाद साइबर थाने की पुलिस टीम ने आरोपी अविनाश उर्फ राजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक ने तकनीकी विश्लेषण कर अन्य अंकीय साक्ष्य एकत्र किए।
साइबर पुलिस टीम ने आरोपी अविनाश चौधरी को जिला मुजफ्फरपुर के थाना बेला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 20 वर्षीय अविनाश चौधरी ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर यह अपराध किया था। उसे आज 23 जुलाई को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।