रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड की दो सरकारी उचित मूल्य दुकानों में लगभग 31.75 लाख रुपये के अनाज गबन के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान को उसके गांव से घेराबंदी करके पकड़ा और अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। धरमजयगढ़ के ससकोबा और गनपतपुर राशन दुकानों की खाद्य विभाग की जांच में 1,204 क्विंटल से अधिक चावल, शक्कर और नमक की कमी पाई गई थी।
गनपतपुर राशन दुकान से विक्रेता गिरफ्तार
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने गनपतपुर स्थित उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया था। दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह करता है। जांच में अधिकारियों को दुकान के स्टॉक में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम मिला। गायब अनाज की कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये आंकी गई। खाद्य अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। गबन उजागर होने के बाद से दुकान का विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान फरार था। पुलिस को आरोपी के अपने गांव में मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ससकोबा दुकान में अंगूठा लगवाकर नहीं दिया राशन
दूसरी बड़ी गड़बड़ी ससकोबा की सरकारी उचित मूल्य दुकान में सामने आई। खाद्य विभाग की जांच के दौरान दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला, जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख 89 हजार 375 रुपये थी। जांच में पता चला कि दुकान का संचालन कर रहे सरोज स्व सहायता समूह ने अगस्त महीने में ई-पॉश मशीन पर लाभार्थियों का अंगूठा लगवा लिया, लेकिन उन्हें राशन का वितरण नहीं किया। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
तीन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
ससकोबा राशन दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की टीमें इन तीनों फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास जारी हैं।