रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि के दस्तावेज में कूटरचना कर उसे निजी लोगों के नाम दर्ज कराने और बेचने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम रायमेर निवासी 52 वर्षीय उजीतराम को उसके गांव से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस तत्कालीन पटवारी और एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
शासकीय भूमि के रिकॉर्ड में किया हेरफेर
कापू के तहसीलदार उन्मेश पटेल ने 11 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के राजस्व रिकॉर्ड तथा खसरा बंटांकन में हेरफेर किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय ने शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कर दिया था। आरोपी पटवारी ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन का आगे अंतरण कराया और दलालों के माध्यम से बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार कर रजिस्ट्री करा दी।
पटवारी सहित पांच आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने जांच के बाद तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुख्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, जमीन बेचने वाले उजीतराम तथा अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो व लालबहादुर यादव के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया। विवेचना के दौरान 2 सितंबर को पुलिस ने फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश साय को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। आरोपी पटवारी के कब्जे से पुलिस ने एक लैपटॉप और एक प्रिंटर भी जब्त किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त फरार आरोपी अगस्तुस खलखो को पकड़ा था और उसका मोबाइल फोन जब्त किया था।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी को भेजा जेल
पुलिस मामले की विवेचना के तहत फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच, मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी उजीतराम अपने गांव रायमेर में उपस्थित है। पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उजीतराम ने बताया कि उसने सरकारी जमीन की बिक्री के लिए मुख्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिया था और उसके माध्यम से बिक्री कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।