छत्तीसगढ़ में चुनावों पर नक्सलियों की बंदूकों का साया कुछ ऐसा छाया है कि मतदान बेहद धीमी गति से चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक जिस बूथ पर सोनी सोरी ने वोट डाला वहां लगातार गोलियां चलने की आवाजें आ रही थीं।
स्थानीय पत्रकारों ने बताया कि मतदान बेहद धीमी गति से चल रहा है और नक्सली खौफ के चलते लोग अपने घरों से वोटिंग के लिए नहीं निकल रहे हैं।
बस्तर में यूं तो मुख्य मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार और मौजूदा सांसद दिनेश कश्यप और कांग्रेस के दीपक कर्मा में है। दीपक कर्मा, महेंद्र कर्मा के बेटे हैं जो जीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में मारे गए थे।
आप ने यहां से सोनी सोरी को उम्मीदवार बनाया है जिन पर नक्सलियों के लिए काम करने का आरोप है। वे इस वक्त जमानत पर हैं।
यहां के 80 प्रतिशत बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। पुलिस से लेकर सीआरपीएफ तक सब मौजूद हैं लेकिन नक्सलियों का खौफ इतना है कि लोग वोट डालने से परहेज कर रहे हैं।