राजनांदगांव जिले में बीते तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। 24 जुलाई को धामनसरा गांव में शिवनाथ नदी पर बने एनिकट में कुछ युवक नहाने गए थे। इस दौरान शहर के लखोली निवासी नागेश्वर ठाकुर (17) भी अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया था।
नाबालिग के नदी में बहने की सूचना मिलते ही गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। वहीं, सोमवार को रात में रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया था। मंगलवार सुबह फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान शिवनाथ नदी में राजाराम फैक्ट्री के पास नाबालिग का शव पुलिस ने बरामद किया। राजनांदगांव एसडीएम, तहसीलदार और गोताखोरों की मौजूदगी में लगातार नाबालिग की तलाश की जा रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएसपी अमित पटेल ने बताया कि राजनांदगांव जिले में लगातार इस तरह के मामला सामने आ रहे हैं। फिर, भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। लोगों को नदियों के आसपास और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने अपील की गई है। बावजूद इसके लोग लापरवाही बरतते हुए नदी-नालों में नहाने पहुंच रहे हैं और इस तरह की घटना सामने आ रही हैं। जिले में इस तरह से नदी में बहने का यह चौथा मामला है।