रायपुर में खुशबू कुकरेजा अपहरण कांड में जांच के दौरान एक मददगार का नाम सामने आया है, जिसके तलाश में पुलिस लग गई है। वहीं अपहरण कांड में शामिल एक फरार आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एनएच गोयल स्कूल में कक्षा छठवीं की छात्रा खुशबू कुकरेजा उर्फ खुशी के अपहरणकर्ता ने 20 लाख फिरौती के लिए एक मोबाइल से फोन किया था। यह मोबाइल नंबर अमित चन्द्राकर नाम से लिया गया है। जिसमें पुलिस अमित चन्द्राकर का पता लगाने जुट गई है। वहीं अपहरण में एक अन्य गिरीश बाग ने मदद की थी, जिसे तलाशा जा रहा है। बताया गया है कि अवंति विहार के रहने वाले उक्त मददगार की मोबाइल सिम लाकर देने सहित अन्य कामों में भूमिका रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी जीवन सिद्घू के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन मामलों में शिकायतें दर्ज की गई हैं, इन मामलों की जांच की जा रही है। सिद्घू पर राजेन्द्र नगर निवासी सीमा दास के पट्टाशुदा मकान को रजिस्ट्री कराने के नाम पर 1100 रुपये की ठगी करने का आरोप है।
गौरतलब है कि 11 वर्षीय खुशबू कुकरेजा का तीन आरोपियों ने शुक्रवार को अपहरण कर 20 लाख फिरौती मांगी थी। जबकि छात्रा ने बयान में चार आरोपियों की संलिप्ता बताती रही है।