बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में मामूली विवाद के बाद बदले की भावना से रास्ता रोककर डंडे और लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बिर्रा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया।
घटना से एक दिन पहले गांव में शादी समारोह के दौरान मृतक देवी प्रसाद उर्फ दीवान कश्यप और मुख्य आरोपी रामेश्वर कश्यप के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी रंजिश में रामेश्वर ने अपने साथियों संजीव कुमार कश्यप, दूजराम कश्यप और एक अपचारी बालक के साथ मिलकर 10 मई को बाजार से घर लौट रहे देवी प्रसाद पर रास्ते में डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल देवी प्रसाद को पहले जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामेश्वर कश्यप सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में प्रयुक्त डंडा और लोहे की रॉड भी बरामद कर लिए हैं।