कोरबा कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने पुरानी बस्ती स्थित भंडारी चैक में रहने वाले शैलेंद्र सिंह राजपूत नामक व्यक्ति के घर को निशाना बनाया था। अलमारी तोड़कर चोर ने नकदी रकम, मोबाइल, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब साढ़े चार लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को पुराने बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।
पीड़ित शैलेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरु की। शक के आधार पर पुलिस ने संजय नगर निवासी नीरज सोनी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कुबूल लिया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पुराना बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया है, जहां वो नशे की हालत में था और कहीं भागने के फिराक में था।
एएसआई अफसर खान ने बताया कि शातिर आरोपी नीरज चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद भागने की फिराक में बस स्टैंड पर सोने-चांदी के जेवरात को लेकर घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।