कोरबा जिले में एक युवक आधी रात में 30 साल की युवती को फोन कर अश्लील बातें करता था। मना करने पर युवती को जान से मारने की धमकी देता था। पीड़िता ने लोक-लज्जा के डर से पहले यह बात किसी को नहीं बताई, किन जब युवक ने बार-बार फोन करने लगा। इससे परेशान होकर पीड़िता ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुबोध कुमार सिन्हा मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और कोरबा के रविशंकर नगर में केरला कैफे के ऊपर किराये के मकान में रहता है। वह पताड़ी स्थित अदानी पॉवर प्लांट में कर्मचारी है। आरोपी को पीड़िता का नंबर किसी तीसरे व्यक्ति से मिला था। इसके बाद वह लगातार फोन कर अश्लील बातें करता और परेशान करता था। पीड़िता ने उसे समझाने की कोशिश की कि वह ऐसी लड़की नहीं है और उसे तंग न करे, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आखिरकार, धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।
पीड़िता ने अपनी सहेलियों को भी यह बात बताने में संकोच किया और अपने परिवार को भी इसकी जानकारी नहीं दी। वह यह भी जानना चाहती है कि उसका नंबर आरोपी को किसने और क्यों दिया। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ अश्लील बातचीत और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी को अदानी पॉवर प्लांट से गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।