जशपुर में मंदबुद्धि युवती से दुष्कर्म करने वाले जादूगर अब्दुल को पुलिस ने आठ घण्टे के भीतर ऑपरेशन चलाकर यूपी बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र की है। प्रशिक्षु डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने बताया कि आरोपी अब्दुल हमीद पीड़िता को डराते धमकाते हुए जबरन बाइक में बिठाकर दो किलोमीटर दूर जंगल रास्ते में ले गया जहां उसने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर आकर घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी अब्दुल हमीद पिता कयूम उम्र 25 वर्ष सिद्धार्थनगर उत्तरप्रदेश के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। हमीद बीते चार सालों से कुनकुरी थाना क्षेत्र में रह रहा है। आरोपी की पत्नी ने बताया कि अब्दुल हमीद जादू दिखाकर पैसे कमाता था लेकिन दो साल से वह मजदूरी का काम कर रहा था।
दुष्कर्म की घटना के बाद आरोपी बाइक से यूपी भागने की फिराक में था जिसे डीआईजी डी.रविशंकर ,एडिशनल एसपी उमेश कश्यप,एएसपी व एसडीओपी कुनकुरी सन्दीप मित्तल के लगातार मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर थाना प्रभारी सुनील सिंह की टीम ने सरगुजा बॉर्डर पर पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है।