जांजगीर चांपा जिले में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे और मना करने पर मारपीट की।
जांजगीर चांपा जिले के कोसमंदा रेलवे फाटक के पास रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने वाले आरोपी युवक प्रेम कुमार यादव को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
विज्ञापन
पीड़ित मनोज भगत बाधिनपुर का रहने वाला है। वह अपने दोस्त निखिल के साथ गुरुवार की सुबह करीबन 10 बजे कैंप से कोसमंदा बस्ती की ओर घर जा रहा था। इस बीच आरोपी प्रेम कुमार यादव (20) रेलवे फाटक के पास खड़ा हुआ था। शराब पीने के लिए प्रेम कुमार पैसे की मांग करने लगा। पैसा नहीं होने की बात कहने पर उसने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इससे चोट आई है।
चांपा थाने में पीड़ित मनोज भगत की रिपोर्ट दर्ज की गई। इस दौरान आरोपी प्रेम कुमार यादव की पुलिस तलाश कर रही थी, जिसे उसके गांव के पास से हिरासत में लिया गया और घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपना जुर्म कबूला किया है। आरोपी के खिलाफ धारा बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।