राजधानी रायपुर में होने वाले डीजी–आईजी सम्मेलन से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में कंट्रोल रूम के C4 सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आईजी और एसएसपी ने एएसपी, सीएसपी और सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। हाल के दिनों में सामने आए चाकूबाजी सहित अन्य आपराधिक मामलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए इनके जल्द निपटारे पर भी बल दिया। वर्ष के अंतिम महीने में केस क्लोजर और कार्रवाई की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 28 से 30 नवंबर के बीच आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय DGP–IGP सम्मेलन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अत्यधिक सतर्क हैं। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और विभिन्न राज्यों के लगभग 70 शीर्ष पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
उच्चस्तरीय बैठक में शहरभर में फ्लैग मार्च, नाइट पेट्रोलिंग और सुरक्षा प्वाइंट्स को सशक्त करने संबंधी योजनाओं पर सहमति बनी। पुलिस विभाग का कहना है कि सख्त मॉनिटरिंग और संयुक्त कार्रवाई से राजधानी में अपराध पर नियंत्रण और राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा का मजबूत कवच सुनिश्चित किया जा सकेगा।