पुरुषोत्तमपुर में दंतैल नर हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीण रात जागकर पहरा दे रहे हैं। हाथी के झुंड से बिछड़ने के बाद अनुकूल रहवास के कारण यह नर हाथी गांव और आसपास के जंगलों में डटा हुआ है।
रामानुजगंज के ग्राम पुरुषोत्तमपुर में पिछले 25 दिनों से एक दंतैल नर हाथी के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। हाथी ने एक व्यक्ति की जान ले ली और मक्का की फसल को रोज नुकसान पहुंचा रहा है। दिन में जंगल में रहने वाला यह हाथी रात में बस्ती के पास आ जाता है, जिससे ग्रामीण रात जागकर पहरा दे रहे हैं। बीती रात चार लोगों की जान बाल-बाल बची।
विज्ञापन
हाथी के झुंड से बिछड़ने के बाद अनुकूल रहवास के कारण यह नर हाथी गांव और आसपास के जंगलों में डटा हुआ है। मक्का की फसल खाने के लिए यह रात में बस्ती में घुस आता है। सुरेश सिंह की हाथी के हमले में मौत के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव, सरपंच सीता देवी मरावी और पूर्व सरपंच उबलक राम सिंह मरावी ग्रामीणों के साथ रात जागकर पहरा दे रहे हैं।
यादव ने बताया कि वन विभाग को सूचना दी जा रही है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशिक्षित टीम से हाथी को भगाने की मांग की है। वन परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना ने कहा कि विभाग लगातार हाथी को भगाने का प्रयास कर रहा है और ग्रामीणों को इसके पास न जाने की चेतावनी दी जा रही है।